सिराथू तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसुनवाई करते डीएम, एसपी व अन्य अधिकारी। स्रोत
जनपद की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सिराथू में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कई अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक, मत्स्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता सिंचाई, उपायुक्त उद्योग, प्रभागीय वनाधिकारी, थाना प्रभारी मंझनपुर, एआरओ (पूर्ति) और चकबंदी अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील सिराथू में 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील चायल में 14 में से एक और तहसील मंझनपुर में 18 में से दो शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।