सिपाही की बदसलूकी के खिलाफ महिलाओं का कोतवाली में हंगामा
पट्टे की जमीन पर किए जा रहे कब्जे की शिकायत पर पहुंचा था सिपाही
कोतवाल ने मामले की जांच कर कार्रवाई का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पट्टे की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पहुंचे सिपाही की बदसलूकी के खिलाफ बुधवार को महिलाओं ने सदर कोतवाली में हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि सिपाही ने विपक्षी से मिलीभगत करके उल्टा पीड़ित परिवारों के साथ ही गाली-गलौज किया।
सदर कोतवाली के बिछौरा गांव में रहने वाली रामकली पत्नी राममोहन ने बताया कि उसे घर के सामने पट्टे की जमीन मिली है। इस पर वह परिवार के साथ काबिज-दाखिल है। महिला का कहना है कि गांव के कुछ दबंग उसके घर के सामने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से अवैध निर्माण करा रहे हैं। इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। आरोप है कि मौके पर पहुंचे सिपाही ने विपक्षी से मिलीभगत करके महिला के परिवारवालों के साथ गाली-गलौज की। इसे लेकर बुधवार को रामकली के परिवार की मालती देवी, ननकी देवी, बेलकली के साथ बुधवार को कोतवाली पहुंच गई और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगी। हंगामे की जानकारी पर इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने दरोगा और राजस्व कर्मियों से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------
कोटेदार ने जमा किया राशन कार्ड
मंझनपुर (ब्यूरो)। सदर विकास खंड के ओसा गांव निवासी संगमलाल सरोज ने बुधवार को जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाया है। संगम लाल का कहना है कि उसे अंत्योदय कार्ड मिला है। जिसमें 40 किलो राशन मिलना चाहिए। इसके बाद दबंग कोटेदार मात्र 30 किलो ही राशन देता है। पिछले दिनों उसने राशन कार्ड भी जमा कर लिया। संगम ने कार्रवाई की मांग की है।