म्योहर। कौशाम्बी ब्लॉक के अर्का फतेहपुर गांव में करीब चार महीने से पानी का संकट है। पानी की टंकी का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है। इसे लेकर ग्रामीण परेशान हैं।
करीब छह हजार की आबादी वाले अर्का फतेहपुर में पेयजल व्यवस्था के लिए वर्ष 2010 में पानी टंकी बनवाई गई थी। 2013 में कार्यदाई संस्था जल निगम ने इसे ग्रामसभा को हैंडओवर कर दिया था। इसके बाद टंकी से पूरे गांव में पानी की आपूर्ति होने लगी। ग्रामीणों के मुताबिक करीब चार महीने पहले टंकी का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। टोल फ्री नंबर पर भी समस्या दर्ज कराई गई। अभी तक किसी ने फुंके ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराना ठीक नहीं समझा। इसकी वजह से गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ हैं। इस गांव में करीब 56 हैंडपंप लगे हुए हैं। इनमें से 15 खराब हैं। जो चल रहे हैं, वह भी चार-छह बाल्टी के बाद बालू फेंकने लगते हैं। ऐसे में ग्रामीण निजी नलकूपों और कुएं से पानी लाते हैं। गांव के कमल यादव, अरुण कुमार आदि का कहना है कि समस्या की जानकारी क्षेत्रीय विधायक और सांसद को भी दी जा चुकी है। ये लोग भी कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं कर रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान ईश्वरदीन का कहना है कि हफ्ते भर के भीतर समस्या का समाधान नहीं होगा तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।