महिला ने ससुरालियों पर लगाया पति की हत्या का आरोप
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ीमोड़ का मामला, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
टेंढ़ीमोड़। स्थानीय गांव का एक युवक करीब 20 दिन से संदिग्ध दशा में गायब है। उसकी बीवी ने ससुरालियों पर पति की हत्या का शव गायब करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के टेंढ़ीमोड़ गांव की बेबी देवी पत्नी अयोध्या ने बताया कि वर्ष 2001 में उसने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ दिन तक प्रयागराज में रही। इसके बाद दो साल से पति के घर आकर रहने लगी। पीड़िता की मानें तो ससुरालियों का रवैया शुरुआती दौर से ही उसके प्रति ठीक नहीं था। बताया कि करीब 20 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में पति घर से गायब हो गया। पति के बारे में पूछने पर ससुराली गाली-गलौज करते हैं। अब घर से भी भगा दिया है। इससे परेशान पीड़ित महिला मायके में शरण लिए हुए है। उसने ससुरालियों पर पति की हत्या कर शव गायब कर देने का आरोप लगाया है। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर आरके शर्मा का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।