फोटो नं-05,06,07
मोदी-योगी की अगुवाई में तेजी से बदल रहा देश-प्रदेश
मड़ाई में कल्याणी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोले पंचायती राजमंत्री
ट्रस्ट के पुस्तकालय, वाचनालय एवं व्यायामशाला भवन के लिए किया भूमि पूजन
अमर उजाला ब्यूरो
कोखराज। प्रदेश सरकार के पंचायती राजमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में देश-प्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भारतीय सेना दुश्मन को करारा जवाब दे रही है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बदले भारत की देन है। पंचायती राज मंत्री रविवार को मूरतगंज के देवरा गांव में मड़ाई कल्याणी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने ट्रस्ट के पुस्तकालय, वाचनालय एवं व्यायामशाला भवन के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। कहा कि वर्तमान में पुस्तकालयों की सख्त जरूरत है। इस दिशा में ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। पंचायती राज मंत्री ने पुस्तकालय के लिए सरकार की ओर से मदद करने का आश्वासन दिया। समारोह को विशिष्ट अतिथि सांसद विनोद सोनकर, विधायक सदर लालबहादुर, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पासी ने भी समारोह को संबोधित किया। केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। पंडित दीनदयाल धाम मथुरा के निदेशक राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से गरीब छात्र-छात्राओं की पढ़ाई तथा रोजगार के लिए सिलाई-कढ़ाई गृह उद्योग को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, गीत तथा नाटक प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार मौर्य व दिलीप कुमार तिवारी ने किया। इस मौके पर सीडीओ इंद्रसेन सिंह, एसपी प्रदीप गुप्ता, डीपीआरओ गोपाल जी ओझा, शशिकांत कुशवाहा, शशांक सिंह, जिला पंचायत सदस्य शिव मोहन मौर्य, डॉ महेश गुप्ता, चेयरमैन सरायअकिल शिवदानी, प्रतिभा कुशवाहा, विनीता गुप्ता, ज्योति केसरवानी आदि मौजूद रहे।