कोखराज। नगर पालिका भरवारी क्षेत्र के चमंधा गांव में डेंगू पीड़ित की मौत व कस्बे में बीमारी फैलने के बाद जागे नगर प्रशासन ने शुक्रवार को अभियान चलाकर साफ-सफाई कराया। कर्मचारियों की टीम ने डेंगू पीड़ित परिवार के घर के समीप चोक नालियां और जलभराव की समस्या को दूर किया।
जिले के कस्बों, गांवों में पसरी गंदगी के कारण तेजी से मच्छर पनप रहे हैं। लोग बीमारियाें से पीड़ित हो रहे हैं। बुधवार को भरवारी के चमंधा गांव में डेंगू पीड़ित अशर्फी लाल की मौत हो गई थी। बीमारी की जद में आए कस्बे के रमेश सोनी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के अन्य सदस्य भी बुखार से पीड़ित हैं। रमेश ने बताया कि घर के आसपास की नालियां चोक होकर गंदगी से पट गई हैं। देहरी के सामने जलभराव था। इस खबर को अमर उजाला ने शुक्रवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का असर रहा कि ईओ गिरीश चंद्र ने प्रभावित मोहल्ले में कर्मचारियों की टीम लगाकर सफाई अभियान चलाया। नालियों से कचरा साफ कराने के साथ ही रमेश की देहरी पर गड्ढे में भरा पानी बाहर निकलवाया।