फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिल्हाल ठंड में ही ठिठुरेंगे डेढ़ लाख नौनिहाल

विज्ञापन
विज्ञापन
ठंड में ठिठुरेंगे डेढ़ लाख नौनिहाल
विज्ञापन

-परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को स्वेटर के लिए करना होगा महीने भर का इंतजार
-अब विद्यालय प्रबंध समिति के जरिए मुहैया कराया जाएगा स्वेटर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। सरकार की ओर से मिलने वाले स्वेटर के लिए अभी उन्हें महीने भर और इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि जिला स्तर पर इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पर, संख्या अधिक होने के कारण सभी बच्चों को एक साथ स्वेटर मुहैया करा पाना मुश्किल दिख रहा है।
प्रदेश सरकार ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को नि:शुल्क स्वेटर मुहैया कराने का फैसला लिया था। इसके लिए प्रति छात्र दो सौ रुपए की रकम निर्धारित की गई है। पहले इसका टेंडर शासन स्तर पर ही होना था। पर, दो-दो मर्तबा टेंडर होने के बावजूद कोई भी कंपनी इतनी कम कीमत में बेहतर क्वालिटी का स्वेटर मुहैया कराने को राजी नहीं हुई। यह सब करते-करते सर्दी के शुरुआती दो माह गुजर गए। इधर दस दिन से लगातार पड़ रही हाड़कंपाऊ ठंड के बाद शासन ने सक्रियता दिखाई। आनन-फानन फैसला हुआ कि अब स्थानीय स्तर पर ही विद्यालय प्रबंध समिति ही बच्चों को स्वेटर मुहैया कराएगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी हो गया है। हिदायत दी गई कि सभी बच्चों को 30 दिन के भीतर बेहतर क्वालिटी का स्वेटर मुहैया करा दिया जाए। अब सवाल उठता है कि दो महीने की कसरत के बावजूद जिस काम में सरकार फेल हो गई उसे समितियां कैसे कर सकेंगी। विभागीय जानकारों की मानें तो डेढ़ लाख बच्चों को फरवरी से पहले स्वेटर मिल पाना मुश्किल दिख रहा है।
विज्ञापन



छह सदस्यीय समिति करेगी निगरानी
शासकीय फरमान मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को बैठक कर छह सदस्यीय समिति गठित कर जरूरी दिशा-निर्देश दे दिया है। कमेटी में शामिल सीडीओ, वरिष्ठ कोषाधिकारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, एसडीएम चायल एवं बीएसए स्वेटरों की क्वालिटी के साथ ही छात्रों की संख्या की पड़ताल करेंगे। यह भी देखेंगे कि जल्द से जल्द बच्चों को स्वेटर मुहैया हो जाए।
विज्ञापन



आंकड़ों पर एक नजर-
प्राथमिक विद्यालयों की संख्या-940
जूनियर विद्यालयों की संख्या-470
एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की संख्या-144816

क्या कहते हैं डीएम
शासन ने विद्यालय प्रबंध समिति के जरिए परिषदीय स्कूलों के बच्चों को स्वेटर मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिले स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्धारित समयावधि के भीतर सभी छात्र-छात्राओं को स्वेटर मुहैया करा दिया जाएगा।
मनीष कुमार वर्मा
डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें