हिन्दू युवा वाहिनी ने जलाई चीनी सामान की होली
विदेशी वस्तुओं के प्रयोग से देश में बढ़ती है बेरोजगारी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
दीपावली के ऐन वक्त पर बाजारों में सजे चाइनीज सामान देख हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। सोमवार को मंझनपुर चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने चाइनीज सामानों की होली जलाई। जिले की जनता को संदेश दिया कि विदेशी सामानों के प्रयोग से देश में बेरोजगारी बढ़ती है। इसका बहिष्कार देश के जन-जन को करना चाहिए।
संगठन के जिलाध्यक्ष दुर्गेश चौरसिया की अगुवाई में सोमवार को चाइनीज सामान की होली जलाई गई। मंझनपुर चौराहे पर सोमवार की सुबह चाइनीज सामानों को आग के हवाले करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि विदेशी वस्तुओं के भारत में प्रयोग होने पर देश के सामान की बिक्री कम हो जाती है। इससे भारत में बेरोजगारी आने के साथ-साथ देश की अर्थ व्यवस्था भी प्रभावित होती है। खास बात यह है कि देश में तैयार वस्तुओं की अपेक्षा विदेशी सामान कम टिकाऊ होता है। जिला संयोजक मनोज तिवारी ने नारा दिया कि देश की माटी देश की शान, जय भारत जय हिन्दुस्तान। कहा कि दीपावली पर जिले के लोग घरों में मिट्टी के दिए जलाएं। इससे वातावरण शुद्ध हाने के साथ ही देश का धन विदेश जाने से बचेगा। इस मौके पर संगठन के आशीष केसरवानी, सुशील कुमार उर्फ गोलू, दीपक सिंह, मोनू नागर, राजू विश्वकर्मा, उमेश, झल्लर सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।