छात्राएं कैसे करेंगी आत्मरक्षा, नहीं हैं जूडो-कराटे ट्रेनर
21 राजकीय कालेजों को है जूडो प्रशिक्षक की जरूरत
दस कालेजों के लिए मिले दो प्रशिक्षक
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। 21 राजकीय कालेजों की छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देने का निर्देश शासन से जारी है। जूडो एसोसिएशन के पास इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनर नहीं हैं। दस कालेजों के लिए मात्र दो प्रशिक्षक भेजे गए हैं। यह दो प्रशिक्षक हजारों छात्राओं को कैसे प्रशिक्षित करेंगे, इसको लेकर अधिकारी भी परेशान हैं।
छात्राएं सबल बनें और जरूरत के वक्त खुद की रक्षा करने में वे सक्षम हों इसके लिए सरकार ने उन्हें जूडो का प्रशिक्षण देने का फरमान जारी किया है। यह प्रशिक्षण फिलहाल अभी राजकीय कालेजों की छात्राओं को दिया जाना है। डीआईओएस ने 21 राजकीय कालेजों के लिए जूडो एसोसिएशन लखनऊ से प्रशिक्षक की मांग की थी। अभी तक दो ही प्रशिक्षक मिले हैं। वह भी दस कालेजों के लिए। इसकी जानकारी होते ही माध्यमिक शिक्षा विभाग की परेशानी बढ़ गई। दो ट्रेनर कैसे इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को नियमित ट्रेनिंग देंगे, इसको लेकर वे परेशान हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने जूडो एसोसिएशन को पत्र भेजकर सभी कालेजों के लिए प्रशिक्षक देने की मांग की है। इस मामले को डीएम मनीष कुमार वर्मा के भी संज्ञान में लाया गया है। डीएम ने आश्वासन दिया है कि ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षक यहां नियुक्त कराए जाएंगे ताकि छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। विभाग में चर्चा है कि जूडो एसोसिएशन के पास इतने ट्रेनर नहीं है कि वह सभी स्कूलों में उनकी तैनाती कर सके। यह समस्या प्रदेश के कई जिलों की है। यही कारण है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी इस प्रशिक्षण को लेकर चिंतित हैं।
---------------------------
कल से जीजीआईसी कड़ा में शुरू होगा प्रशिक्षण
जूडो-कराटे के प्रशिक्षण की शुरूआत नौ अगस्त से जीजीआईसी कड़ा से होगी। करीब तीन सौ छात्राओं को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसोसिएशन की ओर से भेजे गए प्रशिक्षक इन छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगे। नौ अगस्त को जीजीआईसी सिराथू में भी प्रशिक्षण का शुभारंभ होगा। कालेज प्रशासन ने इसकी सारी तैयारी कर ली है। प्रशिक्षण को लेकर छात्राएं उत्साहित बताई जा रही हैं।
-------------------------
शिफ्टवार कालेजों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
जूडो-कराटे के दो प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की शुरूआत कराकर माध्यमिक शिक्षा विभाग शिफ्टवार कालेजों में प्रशिक्षण दिलाएगा। इसकी रूपरेखा बना ली गई है। दोनों प्रशिक्षकों के पास दस-दस कालेजों की जिम्मेदारी होगी। इससे साफ हो गया है कि छात्राओं को जूडो-कराटे का नियमित प्रशिक्षण नहीं मिलेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
21 जूडो-कराटे ट्रेनर की जरूरत है। जूडो एसोसिएशन से पर्याप्त प्रशिक्षक देने की मांग की गई थी, लेकिन वहां से दो ही प्रशिक्षक भेजे गए हैं। नौ अगस्त से प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही और प्रशिक्षक मिल जाएंगे।
सत्येंद्र कुमार सिंह
डीआईओएस