मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह: एक-दूजे के हुए 71 युवक-युवतियां
सोमवार को कड़ा ब्लॉक परिसर में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा। विकास खंड परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें कड़ा और सिराथू ब्लॉक क्षेत्र के गरीब परिवारों के करीब 71 युवक-युवतियों की शादी हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंडप में सात फेरे लेने के बाद उपहार के साथ सभी की विदाई की गई।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार ने अब धनराशि बढ़ाकर 51 हजार कर दिया है। इसके तहत 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाने की व्यवस्था है। दस हजार रुपये उपहार के लिए व छह हजार रुपये समारोह पर खर्च करने का प्रावधान है। इसी के तहत सोमवार को कड़ा और सिराथू क्षेत्र का संयुक्त कार्यक्रम कड़ा में आयोजित किया गया। समारोह में कड़ा क्षेत्र के करीब 36 व सिराथू के तकरीबन 35 वर-वधू का विवाह कराया गया। योजना के तहत कन्या पक्ष को पांच वस्त्र, चांदी की पायल, बिछिया, कुकर, थाली, गिलास, कटोरी, परात, लोटा, बक्सा, अंगौछा, मंगलसूत्र व वर को पैंट-शर्ट आदि दिया गया। वैववाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनुज सिंह, एसडीएम सिराथू ज्योति मौर्या, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार, खंड विकास अधिकारी श्वेता सिंह ने नवदंपति को प्रमाणपत्र व आशीर्वाद प्रदान किया। एडीओ पंचायत शशिकांत तिवारी, एडीओ समाज कल्याण कड़ा मो. अशरफ, सिराथू के महेंद्र सिंह, एडीओ सहकारिता रामजी गौतम, एडीओ आईएसबी विमल प्रकाश पांडेय, सेक्रेटरी अखिलेंद्र राय, आशीष, राहुल सिंह, राहुल चौरसिया, आफताब, वसीम अहमद, प्रदीप कुमार, दीपक सिंह, बृजेश सिंह, रामसखा, रामगोविंद, अमित कुमार, घूरेलाल आदि व भाजपा नेता पप्पू मोदनवाल, ग्राम प्रधान बलवन्त, लवलेश कुमार, धारा यादव, खेमचंद्र उर्फ पप्पू केशरवानी, रमेश पाल, विष्णु पटेल, प्रधान प्रतिनिधि वहीद अहमद व सईद घोसी, दरबारी लाल आदि वर एवं कन्या पक्ष के लोग मौजूद रहे।