7 people injured in a road accident
- फोटो : KAUSHAMBI
बेकाबू ऑटो पलटा, महिलाओं समेत सात घायल
पिपरी के तिलगोड़ी गांव के समीप शनिवार को सवारियों से भरा तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवादा में भर्ती कराकर ऑटो को कब्जे में ले लिया। घायलों ने बताया कि चालक गांजा के नशे में चूर था।
तिलहापुर मोड़ बाजार से सवारी लेकर पुरखास जा रहा एक ऑटो शनिवार की सुबह पिपरी के तिलगोड़ी गांव के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में तिलहापुर गांव निवासी अनारकली व इंद्रपाल, नेवादा निवासी सरिता देवी, मोहद्दीनपुर गांव की कुसुम देवी व संतोष समेत प्रयागराज के लालापुर थाने के कंचनपुर गांव की लक्ष्मी देवी व कल्लू समेत सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवादा पहुंचाया। जहां घायल महिला लक्ष्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों के अनुसार ऑटो चालक गांजा के नशे में धुत था। इसी वजह से तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई।
वहीं पिपरी के असरावल कला निवासी बबलू पुत्र मूलचंद्र की सगाई का कार्यक्रम शुक्रवार को था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने मामा मोहन लाल निवासी रनिहापर पिपरी को छोड़ने के लिए बाइक से जा रहा था। बाइक सवार मामा भांजे जैसे ही जलालपुर घोसी पुल पर पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रही कार का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बबलू और मोहनलाल को गंभीर चोटें आई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को झलवा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कार सवार अशोक नगर राजापुर निवासी संदीप चटर्जी है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ असरावल गांव के ग्राम प्रधान से मिलने के लिए जा रहे थे।
इसी प्रकार कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के हजियापुर गांव का मिथिलेश कुमार पुत्र सुखलाल शनिवार सुबह अपनी बहन कलावती व राजबेटी के साथ प्रयागराज जा रहा था। कोसम इनाम गांव के समीप टैंकर ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। उन्हें बारा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने टैंकर को चालक समेत पकड़ लिया है।
7 people injured in a road accident- फोटो : KAUSHAMBI