म्योहर (ब्यूरो)। कौशाम्बी ब्लॉक के म्योहर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में वार्डेन व कर्मचारियों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। छात्राओं को मेन्यू के मुताबिक न तो भोजन मिलता है और न ही नाश्ता। वार्डेन व शिक्षकों के गायब रहने से शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इसके चलते छात्राओं की उपस्थिति दिनोंदिन घटती जा रही है।
म्योहर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मेन्यू के हिसाब से भोजन नहीं दिया जा रहा है। मंगलवार को दिए गए नाश्ते के बारे में छात्राओं ने बताया कि कचौड़ी की जगह तहरी का नाश्ता कराया गया है। उपस्थिति पंजिका 12 कर्मचारियों में महज छह के हस्ताक्षर पाए गए। वार्डेन व शिक्षिकाओं के आए दिन गायब रहने से शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। कक्षा छह में पंजीकृत 24 छात्राओं में सात, कक्षा सात में 28 में 4 व कक्षा आठ में 48 में 24 छात्राएं मौजूद थीं। इस बाबत वार्डेन शोभा जैन का कहना है कि सोमवार को मीटिंग में चले जाने के कारण हस्ताक्षर नहीं बना पाई थी। एक रसोइयां के छुट्टी चले जाने पर सब्जी नहीं बन सकी। उसके स्थान पर रायता दिया गया है। दूध देर से आता है इसलिए वितरण नहीं हो सका।
वहीं एबीएसए कौशाम्बी का कहना है कि आवासीय विद्यालय में हस्ताक्षर न करना गड़बड़ी की ओर इंगित करता है। मेन्यू के मुताबिक नाश्ता-भोजन न देना भी गलत है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।