मंझनपुर। एसडीएम चायल अनिल चतुर्वेदी और खनन अधिकारी राजरंजन ने मंगलवार देर रात फोर्स के साथ कटैया घाट पर छापा मारा। यहां डंप बालू को मुख्यमार्ग से न ले जाकर संकरी गलियों से ओवरलोड वाहन गुजारे जा रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर अफसरों ने तीन ट्रक और पांच ओवरलोड ट्रैक्टरों को सीज कर दिया है।
कटैया घाट में बड़े पैमाने पर डंप बालू पड़ी है। माफिया बालू को घाट से जल्दी हटवाना चाहते हैं। मेनरोड से निकलने पर पकड़े जाने का खतरा था। इसे लेकर माफिया ने शार्टकट का रास्ता ओवरलोडिंग के लिए चुना। इससे क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाली सड़के बदहाल होती जा रहीं थीं। इसी को लेकर मंगलवार रात एसडीएम व खनन अधिकारी, सरायअकिल थानाध्यक्ष हेमंत मिश्र, चौकी प्रभारी कनैली योगेश तिवारी, चौकी प्रभारी तिल्हापुर कामता प्रसाद के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान तीन ट्रक और पांच ओवरलोड ट्रैक्टर पकड़े गए। वाहनों को सीज कर सरायअकिल थाने में खड़ा कराया गया है।