चायल/अथसराय। बारिश से घर-दीवार गिरने का सिलसिला जारी है। बुधवार को अलग-अलग जगहों में तीन लोगों के घर की दीवार गिर गई। चायल तहसील के शेरगढ़ में दीवार गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिवार के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
शेरगढ़ निवासी मुन्नालाल (60) मजदूरी करते थे। बुधवार सुबह वह अपने तीन नातियों को स्कूल के लिए सड़क तक छोड़ने जा रहे थे। तीनों बच्चे उससे आगे निकल गए थे। इसी बीच वह गली में पहुंचे ही थे कि पड़ोसी सूर्यप्रकाश के घर की पक्की दीवार उसपर भरभराकर गिर गई। चीख सुन लोग दौड़ पड़े। आननफानन में मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला गया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि इसी बीच सांस थम गई। उप जिलाधिकारी अनिल कुमार चतुर्वेदी और नायब तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इसी तरह सिराथू तहसील के धुमाई गांव का राम आसरे मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। कच्चे घर में पॉलिथीन डालकर किसी तरह रह रहे रामआसरे का भी आशियाना बुधवार को गिर गया। बारिश में बेघर हुआ मजदूर का कुनबा अब खुले आसमान के नीचे आ गया है। मधवामई निवासी जयनारायण सिंह का भी कच्चा घर भरभरा गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। मलबे में दबकर एक बछिया मर गई। साथ ही गृहस्थी का समान नष्ट हो गया।