जल ही जीवन है इसे बर्बाद न करें
-गांधी मेमोरियल कॉलेज दारानगर में हुई गोष्ठी
कड़ा (कौशांबी)। दारानगर बाजार स्थित गांधी मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज में गुरुवार को जल एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें जल संरक्षण व पर्यावरण की शुद्धता को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी व शिक्षक रणविजय निषाद ने कहा कि जल ही जीवन है। इसे बर्बाद न करें। जल का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वंशजों को बूंद-बूंद पानी के संकट से जूझना होगा। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को जल संरक्षण के उपाय बताए। इसके अलावा वातावरण की स्वच्छता की बाबत जानकारी दी। इस मौके पर प्रबंधक अजय त्रिपाठी ने भी बच्चों को जलसंरक्षण व पर्यावरण स्वच्छता विषय पर जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र त्रिपाठी ने की। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य ओम नारायण पाठक, लालचंद्र सोनकर, प्रमोद तिवारी, रामसुलभ त्रिपाठी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
नारी सशक्तीकरण प्रतियोगिता के विजेता होंगे पुरस्कृत
मंझनपुर (ब्यूरो)। नारी सशक्तीकरण एवं सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत जिले भर के माध्यमिक विद्यालयों में निबंध, पोस्टर, तथा स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन सात व आठ दिसंबर को कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को नौ दिसंबर को पुलिस लाइन में डीएम और एसपी पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।
चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 13 को
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में 13 दिसंबर को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं के नाम 14 दिसंबर की शाम तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजना होगा। डीआईओएस ने बताया कि प्रविष्टियों के राज्य व राष्ट्र स्तर चयनित होने पर पांच हजार, तीन हजार व दो हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिया है।
डीएम कार्यालय में मनाया गया शसस्त्र सेना झंडा दिवस
मंझनपुर (ब्यूरो)। डीएम मनीष कुमार वर्मा की उपस्थिति में गुरुवार को कैंप कार्यालय में सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी महानंद रथ ने डीएम को झंडा प्रतीक से अलंकृत किया। वक्ताओं ने झंडा दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर रियाज अहमद, श्रीधर मिश्र, सतोष कुमार, अतीक अहमद आदि उपस्थित रहे।