पीडी की जांच में आवास के एक लाभार्थी अपात्र
डीएम के निर्देश पर पीडी ने की जांच, सौंपी रिपोर्ट
मंझनपुर (ब्यूरो)। विकास खंड मूरतगंज के उदाथू ग्राम सभा में अपात्रों को आवास दिए जाने की जांच शुक्रवार को पीडी ने की। जांच में उन्होंने छह लाभार्थियों में से एक को अपात्र पाया। उन्होंने जांच रिपोर्ट डीएम मनीष कुमार वर्मा को सौंप दी है।
उदाथू निवासी लालचंद्र बाबा उर्फ ललिया ने डीएम मनीष कुमार वर्मा से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी द्वारा दो मंजिल मकान व एक बार आवास पाने वालों को दोबारा पीएम आवास रुपया लेकर दिया जा रहा है। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक राजेश कुमार मिश्र को जांच के आदेश दिए। परियोजना निदेशक व अवर अभियंता लघु सिंचाई सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को गांव पहुंचकर एक-एक लाभार्थी की हकीकत खंगाली। इस दौरान उन्होंने पाया कि रामविशाल पुत्र रामसुमेर गांव में पक्का मकान है। यह आवास के लाभ के लिए पूरी तरह से अपात्र पाया गया। इनके अलावा पांच लाभार्थी आवास के लिए मौके पर पात्र पाए गए और उनके द्वारा आवास निर्माण भी कराया जा रहा है। पीडी ने जांच रिपोर्ट डीएम मनीष कुमार वर्मा को सौंप दिया है। जांच में अपात्र मिलने पर लाभार्थी, प्रधान व सेक्रेटरी में हड़कंप है।
-