मोअज्जमपुर के प्रत्येक पात्र के पास होगा पीएम आवास
गोद लिए गांव का भ्रमण करने पहुंचे डीएम ने दिए निर्देश
मंझनपुर (ब्यूरो)। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को गोद लिए गए गांव मोअज्जमपुर का भ्रमण किया। गांव में चौपाल लगाकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने कच्चे मकान वाले प्रत्येक पात्र को पीएम आवास योजना का लाभ देने का निर्देश पीडी को दिया। डीएम का आदेश सुनकर पात्रों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी।
सदर ब्लॉक के मोअज्जमपुर गांव को डीएम ने गोद ले रखा है। मंगलवार को वह गांव का भ्रमण करने पहुंचे। डीएम का कार्यक्रम निर्धारित होने की खबर मिलते ही विकास महकमे के अधिकारी भी गांव जा पहुंचे। डीएम ने गांव का भ्रमण कर एक-एक घर को देखा। इस दौरान उन्होंने गांव में मिले कच्चे मकानों को देखते हुए संबंधित गृहस्वामी की पात्रता सूची बनाने का निर्देश मौके पर मौजूद परियोजना निदेशक को दिया। भ्रमण के दौरान गंदगी मिलने पर डीएम ने ग्राम प्रधान को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों ने डीएम से बिजली के खंभे गिरे होने की शिकायत की। मौके से ही उन्होंने एक्सईएन बिजली को टूटे पोल तत्काल बदलवाने का फरमान जारी किया। उन्होंने गांव में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कुपोषित बच्चों के बारे में जानकारी ली और लाल श्रेणी वाले बच्चों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश प्रभारी चिकित्साधिकारी व सीडीपीओ को दिया। गांव की गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण, शिक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। इसके बाद चौपाल लगाकर समस्याओं को सुना और निस्तारण का निर्देश संबंधित विभागाध्यक्षों को दिया। इस मौके पर डीपीआरओ कमल किशोर, डीपीओ राकेश मिश्र, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित सभी विभागाध्यक्ष, ग्राम प्रधान व ग्रामीण मौजूद रहे।