एसडीएम ने अतिक्रमण से मुक्त कराई जमीन
तालाब और चारागाह भूमि पर कर लिया गया था कब्जा, 15 बीघा भूमि पर चलवाया ट्रैक्टर
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू।
स्थानीय तहसील क्षेत्र के दो गांवों की तालाबी व चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर बोई गई फसल को एसडीएम ने ट्रैक्टर से जुतवा दिया। कार्रवाई के बाद चेतावनी दी कि दोबारा कब्जा करने पर रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।
तहसील क्षेत्र के गोरियों व नगियामई स्थित तालाबी रकबे व चारागाह की 15 बीघे भूमि पर गांव के लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। इसकी रिपोर्ट दोनों गांवों के हलका लेखपाल ने एसडीएम शिवनारायण सिंह को दी थी। शनिवार को एसडीएम अपने साथ तहसीलदार बीडी गुप्ता, नायब तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव, सीओ अंशुमान मिश्र, कानूनगो व हलका लेखपाल को लेकर नगियामई गांव पहुंचे। वहां चारागाह व तालाबी रकबे की दस बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती की गई थी। एसडीएम ने मौके पर ट्रैक्टर बुलाकर बोई गई फसल को जुतवा दिया। इसके बाद तहसील प्रशासन की टीम गोरियो गांव पहुंची। इस गांव में पांच बीघे के तालाबी रकबे पर आधा दर्जन लोगों ने अवैध कब्जा कर धान की फसल लगा रखी थी। एसडीएम ने फसल पर ट्रैक्टर चलवाकर नष्ट करा दिया। दोनों गांवों के अतिक्रमणकर्ताओं को एसडीएम ने दोबारा कब्जा न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी ने दोबारा कब्जे की कोशिश की तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेज दिया जाएगा। तहसील प्रशासन की कार्रवाई से दोनो गांवों के अतिक्रमणकर्ताओं में दिनभर हड़कंप रहा।