मंझनपुर। नगर कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात समदा गांव से करीब 60 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। घेराबंदी के दौरान तीन तस्कर मौके से फरार हो गए। पूछताछ के बाद पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
नगर कोतवाल राकेश चौरसिया को सोमवार रात सूचना मिली कि समदा गांव का शहजादे पुत्र मैकन अपने पशुबाड़े में प्रतिबंधित मवेशियों को काटकर उनका मांस बेचता है। खबर मिलते ही उन्होंने फोर्स के साथ दबिश दी। मौके से शहजादे के साथ उसके पड़ोसी इलियास पुत्र एकलाख को गांवंश का वध करते हुए पकड़ लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि करीब 60 किलो मांस, खाल, चापड़, छूरी और कुल्हाड़ी बरामद की गई है। घेराबंदी के दौरान बिछौरा गांव का एक और समदा गांव के दो तस्कर फरार हो गए। इनकी तलाश की जा रही है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे आसपास के गांवों में ही मांस बेचते थे। यह धंधा कई महीनों से कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।