लापता युवक की तालाब में मिली लाश
परिजनों ने कहा, बीमारी से था पीड़ित, नहीं कराया पीएम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के अल्पीपुर गांव में गुरुवार सुबह चार दिन से गायब एक युवक की लाश तालाब में मिली। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सैनी इलाके के अजुहा कस्बा निवासी राजेंद्र (36) पुत्र जागेश्वर की रिश्तेदारी अल्पीपुर (रामपुर धमावां) में है। परिजनों की मानें तो राजेंद्र की तबीयत कई महीने से खराब चल रही थी। उपचार के लिए वह महीने भर से रिश्तेदार के घर अल्पीपुर में रहता था। सोमवार को राजेंद्र रिश्तेदार के यहां से ही गायब हो गया। परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार सुबह अल्पीपुर गांव के बाहर तालाब में राजेंद्र की लाश मिली। इसकी जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने जांच की। परिजन कार्रवाई के लिए राजी नहीं हुए। इसलिए लाश उनके हवाले कर दी गई।
----
सड़क किनारे मिली युवक की लाश
मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के डोरमा निवासी एक युवक की लाश गुरुवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
डोरमा निवासी संजय मौर्य (42) पुत्र ननकू खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। बुधवार रात वह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला। काफी देर तक लौटकर नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। इसके बाद गुरुवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे संजय की लाश मिली। बताया जाता है कि उसके सिर पर चोट के निशान थे। इसपर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एएसपी अशोक कुमार का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज करवाकर कार्रवाई कराई जाएगी।