परीक्षा केंद्रों में पुर्जी फेंक कर कराई गई नकल
आईटीआई के चार परीक्षा केंद्रों में कहीं नजर नहीं आई पुलिस
फोटो नं-7,8
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार से परीक्षा शुरू हो गई। केंद्रों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तो बैठा दिए गए, लेकिन कहीं पर भी सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी। नतीजतन अभिभावकों ने पुर्जी (नकल सामग्री) फेंक कर नकल कराया।
आईटीआई की परीक्षा के लिए जिले के केएसएमआरडी कॉलेज कुंड्रावी सिराथू, एसएसए इंटर कॉलेज अंधावा टेढ़ीमोड़, केपी त्रिपाठी उमा स्कूल कोर्रो व देवनरायण बालिका इंटर कॉलेज ओसा को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्र में करीब 1443 परीथार्थियों को शामिल होना था। बुधवार को शुरू हुई परीक्षा में करीब 90 लोगों ने परीक्षा छोड़ दिया। इस दौरान केंद्रों पर नकल का बोलबाला रहा। स्कूलों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट पहुंचे तो थे लेकिन पुलिस फोर्स की व्यवस्था नहीं होने से बाहर से अभिभावक नकल कराने में जुटे रहे। केंद्रों के अंदर बाहर से पुर्जी फेंक कर नकल कराई गई। इस बाबत आईटीआई के प्रिंसिपल सुजीत श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस फोर्स के अभाव में अभिभावकों ने कुछ सेंटरों में जबरन नकल कराया है। स्कूल प्रबंधन खुद की सुरक्षा को लेकर बेबस दिखा। केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जा रहा है।
-------
स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी बने रहे तमाशबीन
मंझनपुर (ब्यूरो)। आईटीआई की परीक्षा में नकल को लेकर पहले से ही आशंका जाहिर की जा रही थी। केंद्रों में इसी लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात करने के लिए प्रिंसिपल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा था। इस बाबत अमर उजाला में बुधवार के अंक में प्रमुखता से खबर छपी। खबर का असर रहा कि जिले में बनाए गए चारों सेंटरों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए। एसएसए इंटर कालेज अंदावा में सिराथू के नायब तहसीलदार जीतेंद्र कुमार, केपी त्रिपाठी उमा स्कूल कोर्रो में सहायक निबंधक सरकारी समिति अजीत कुमार सिंह, देवनरायण बालिका इंका ओसा में सदर तहसील के नायब तहसीलदार केके मिश्रा को लगाया गया था। यह सभी स्टेटिक मजिट्रेट अपने केंद्रों में पहुंचे थे। केएसएमआरडी इंटर कॉलेज कुंड्रावी में सिराथू के तहसीलदार श्याम कुमार को लगाया गया था। वह सेंटर पर नहीं पहुंचे। बताया गया कि उनकी ड्यूटी कुंभ में लगी है। सेंटरों पर लगाए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी सुरक्षा व्यवस्था का माकूल इंतजाम नहीं होने पर कुछ खास नहीं कर सके।
-----
इमला का पांच सौ रुपया खुला रेट
मंझनपुर। जिले में बनाए गए हर सेंटर में चार से पांच सौ के बीच परीक्षार्थी हैं। बुधवार को दो पाली में परीक्षा हुई। इसमें सिराथू इलाके के परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले बच्चों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने इमला बोल कर नकल कराने के लिए पांच सौ से एक हजार की मांग की।
------------