बालू के ओवरलोड वाहनों ने निकाला सड़क का दिवाला
छेकवा घाट से तिरपाल लगाकर निकलते हैं ट्रक
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
फोटो नं-
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। छेकवा बालू घाट में डंप बालू खाली कराने की जल्दबाजी में सड़क का दिवाला निकाल दिया गया है। गड्ढा युक्त सड़क पर ईंट डलवाकर मरम्मत कराई गई वह भी ओवरलोड वाहनों की वजह से पिस चुके हैं। प्रधान की शिकायत के बाद भी अफसर ओवरलोड वाहनों पर नकेल नहीं लगा पा रहे हैं।
सरायअकिल कोतवाली के छेकवा गांव में बालू घाट है। इस घाट के समीप बड़े पैमाने पर बालू डंप की गई है। अब खनन होने से पहले डंप बालू को ठिकाने लगाने के लिए कारोबारी बेखौफ होकर ओवरलोडिंग कर रहे हैं। इससे गांव का मुख्य रास्ता पूरी तरह से बदहाल हो चुका है। प्रधान चंद्रशेखर सिंह का कहना है ओवर लोड ट्रक पर तिरपाल लगाकर उसे ढक दिया जाता है। पुलिस की सेटिंग से निकाली जा रही बालू ने पूरी सड़क को खराब कर दिया। पिछले दिनों सड़क पर हुए गड्ढों में ईंट भरवाया गया था। यह ईंट भी ओवरलोड वाहनों की वजह से पूरी तरह से पिस चुकी है। इस बाबत जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से भी शिकायत किया जा चुका है। शिकायत के बाद भी ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग सका।
-----
खेल के मैदान में बना लिया मदरसा का छात्रावास
सैयद सरावां गांव का मामला, डीएम से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मूरतगंज विकास खंड के सैयद सरावां गांव में खेल मैदान के नाम पर छूटी जमीन पर एक व्यक्ति ने मदरसे का छात्रावास बना लिया। इतना ही नहीं एक भूखंड पर छप्पर डालकर कब्जा कर लिया। गांव के बृजभूषण शर्मा ने सोमवार को डीएम से शिकायत की है।
सैयद सरावां गांव के बृज भूषण शर्मा ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कुछ जमीन खेल मैदान के नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज है। इस आराजी पर गांव के एक व्यक्ति ने कब्जे की नीयत से अपने मदरसे का छात्रावास बना लिया। इतना ही नहीं आराजीपर छप्पर डालकर कब्जा किया जा रहा है। जमीन पर कब्जा होने से गांव के बच्चों के पास खेलने के लिए मैदान नहीं बचा है। शिकायत के बाद भी अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे। डीएम ने एसडीएम चायल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।