करारी। कस्बे के किंगनगर व कृष्ण नगर मोहल्ले के लगभग 50 घर के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रह हैं। इस मोहल्ले में पिछले साल नलकूप लगाया गया, लेकिन कुछ घरों तक पाइप नहीं बिछाई गई। इससे लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। लोग दूर से दूसरे के घरों से पानी भरने जाते हैं। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
करारी कस्बे के कृष्ण नगर, सोनारन टोला व किंगनगर में पानी की किल्लत को देखते हुए पिछले साल किंगनगर मोहल्ले के मछली मंडी के पास नलकूप लगवाया गया था। कुछ घरों तक पहले से बिछाए गए अंडर ग्राउंड पाइप लाइन से पानी नहीं आने के कारण ओपन पाइप लाइन बिछवाई गई। लेकिन, लगभग 50 घर छूट गए।
बस्ती के महमूद अहमद, इशरत अली, हशमत अली, तौफीक अहमद, पीर अली और मंजर शेख ने बताया कि उनके घरों की तरफ आज तक ओपन पाइप लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। भीषण गर्मी में उन्हें दूसरे के घरों से पानी लाना पड़ता है।
किंगनगर वार्ड में नलकूप तो लग गया है। लेकिन, बस्ती के कुछ घरों तक ओपन पाइप नहीं बिछवाया गया। इससे पेयजल के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही है।इशरत अली
भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। कई बार ओपन पाइप डलवाने के लिए नगर प्रशासन से मांग की गई। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।आफताब अहमद
कस्बे के किंगनगर व कृष्णनगर मोहल्ले में पानी की किल्लत को देखते हुए पाइप लाइन डलवाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही पाइप डलवाकर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा।अजय निषाद, ईओ