पंजाब से कंबल के कतरन में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे तस्कर
राज्य कर विभाग व कोखराज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
फोटो नं-26
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी (कौशाम्बी)। राज्य कर विभाग और कोखराज कोतवाली पुलिस ने शनिवार चाकवन चौराहे के समीप स्थित ढाबा के सामने खड़ी डीसीएम से 455 पेटी अवैध शराब बरामद की। लेकिन तस्कर भागने में सफल रहे। कंबल के कतरन में छिपाकर शराब को पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कीमत 35 लाख रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग की टीम ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोखराज के चाकवन चौराहा के समीप स्थित एक ढाबा के समीप राज्य कर विभाग प्रयागराज चतुर्थ के सचल दल प्रभारी युसूफ अली टीम के साथ शनिवार की रात को वाहनों की जांच कर रहे थे। वह वाहनों में लदे सामानों का बिल्टी से मिलान कर रहे थे। पता लगाया जा रहा था कि कहीं वाहनों से कर चोरी करके सामान की सप्लाई तो नहीं हो रही है। इसी दौरान ढाबा के समीप खड़ी डीसीएम देख टीम के कर्मचारियों ने चालक व खलासी को बुलाया तो वह भाग निकले।
सचल दल प्रभारी ने कर्मचारियों से डीसीएम की जांच कराई तो कंबल के कतरन के बीच 455 पेटी इम्पीयिरल ब्लू शराब रखी थी। बार कोड स्कैन कराया गया तो वह स्कैन नहीं हुआ। टीम ने डीसीएम को कोखराज कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर सूचना आबकारी अधिकारी राजेश प्रसाद को दी।
रविवार को आबकारी अधिकारी ने आबकारी निरीक्षक साहब सिंह पाल, अरुण कुमार और वीर प्रताप के साथ कोतवाली पहुंचकर जांच की। इसके बाद अज्ञात शराब तस्करों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। एएसपी समर बहादुर व सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने थाना जाकर इस मामले की छानबीन की।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही शराब लदी डीसीएम बरामद की गई है। बरामद शराब की कीमत 35 लाख रुपये आंकी गई है। कोराबारियों ने न्यू इयर की तैयारी शुरू कर दी है।