कुंभ के बहाने सूखी नहरों में आया पानी, किसानों में खुशी
नरौरा से रामगंगा कमांड में छोड़ा गया पानी, सिराथू और सदर तहसील की नहरों में आया पानी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। प्रयागराज के कुंभ के बहाने दम तोड़ चुकी जिले की नहरों में रौनक आ गई। नरौरा से पानी छोड़े जाने के कारण रामगंगा कमांड व उससे जुड़ी माइनर में पानी आ गया है इससे किसान खुशहाल हैं। पर, समस्या मौसम को लेकर है। दरअसल गेहूं की फसल के लिए अनुकूल ठंड नहीं पड़ने के कारण उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना है।
जिले में रामगंगा कमांड काफी अर्से से सूखी पड़ी है। किसानों के आंदोलन पर कभी कभार पानी आया भी लेकिन वह टेल तक नहीं पहुंच सका। इस बार प्रयागराज में लगे कुंभ की वजह से बैराज में पानी रोका गया था। संगम की जरूरत के हिसाब से पानी छोड़ा जा रहा है। बैराज में पानी ज्यादा एकत्र होने पर उसे रामगंगा में उतारा जा रहा है। ऐसे में जिले के सिराथू और सदर तहसील के आंशिक हिस्सों में फैली नहरों में भी पानी आ गया है। सदर और चायल इलाके में पहले से ही किशुनपुर पंप कैनाल का पानी आ रहा है। मुख्यालय से सटे घना का पुरवा गांव के किसान चोखेलाल निर्मल, शोभेलाल आदि का कहना है कि जिस तरह नहरों में पानी आया है अगर मौसम ने भी साथ दिया होता तो किसान बहुत कम लागत में मालामाल हो सकते हैं। फिलहाल नहर का पानी किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
इनका कहना
किशुनपुर पंप कैनाल पहले से चालू हैं। रामगंगा कमांड का बैराज नरौरा में बना है। बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से रामगंगा व उससे जुड़ी माइनरों में पानी आया है।
आरके निरंजन, एक्सईएन सिंचाई खंड-कौशाम्बी
कुंभ के बहाने सूखी नहरों में आया पानी, किसानों में खुशी
नरौरा से रामगंगा कमांड में छोड़ा गया पानी, सिराथू और सदर तहसील की नहरों में आया पानी
फोटो नं-7