मंझनपुर (कौशाम्बी)। सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण अब कोई रोक नहीं सकता है। मंदिर निर्माण की तिथि और दिन राम जन्म भूमि न्यास को तय करना है। उन्होंने भीम आर्मी चीफ के बयानों पर कहा कि यदि कानून तोड़ने का प्रयास किया तो चंद्रशेखर के लिए जेल के दरवाजे फिर से खुल सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री बुधवार को माता-पिता व अन्य परिवारीजनों से मिलने सिराथू स्थित पैतृक आवास आए थे। इससे पहले सिराथू ब्लॉक सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल विकास नहीं होने का ढिंढोरा पीट रहे हैं। विकास नहीं हो रहा है तो फिर लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की हिम्मत क्यों नहीं है। बोले सरकार के काम से ही विपक्षियों में बौखलाहट है।
उन्होंने कांग्रेस व सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इनकी सरकारों में सिर्फ एक परिवार का विकास होता था। अब ऐसा नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, ऐसी तमाम योजनाएं हैं, जिसका सीधा लाभ देश के गरीबों को मिल रहा है। कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों की रुह कांप रही है। भू-माफिया बिल में दुबक गए हैं। स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ देने के लिए कहीं से भी रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली तो आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेजवाया जाएगा। बोले तीन तलाक मुद्दे पर अध्यादेश लाकर सरकार ने महिलाओं की जिंदगी में बड़ा परिवर्तन लाने का काम किया है। इस मौके पर चायल विधायक संजय गुप्ता, सिराथू विधायक शीतला पटेल, जिलाध्यक्ष रमेश पासी, सिराथू ब्लॉक प्रमुख जितेन्द्र सोनकर आदि मौजूद रहे।