मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के नज्जू का पूरा गांव में शुक्रवार सुबह दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी। यह भी आरोप है कि शव फंदे से लटका दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर महिला ने सुसाइड नोट में सास-ससुर को निर्दोष बताया है।
मंझनपुर क्षेत्र के ओसा निवासी बाबूलाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी सुशीला देवी (26) का विवाह करीब तीन साल पहले नज्जू का पूरा (कमालपुर) के प्रदीप से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकि रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार सुबह ससुरालियों ने पीट-पीटकर उसकी बेटी की हत्या कर दी।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे से लटका दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। मामले में सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति व सास के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। मृतका के पिता ने जहां एक ओर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस को पति ने सुसाइड नोट दिया है। पति का दावा है कि मृतका ने ही यह सुसाइड नोट लिखा है। इसमें लिखा है कि- मेरे सास-ससुर सब बहुत अच्छे हैं। इनको कुछ नहीं होना चाहिए। मैं अपनी इच्छा से खुदकुशी कर रही हूं। इसके बाद अब पुलिस हैंडराइटिंग की जांच कराने की बात कह रही है।