मंझनपुर। पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्व पल्ली राधाकृष्णन का जन्म दिन जिले भर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। स्कूल-कॉलेजों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही गुरुओं के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस दौराना बच्चों ने शिक्षकों को उपहार भेटकर उनके आदर्शों एवं बताए हुए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।
कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल भरवारी में एनडी ग्रुप ऑफ कॉलेज की ओर से बुधवार को धूमधाम के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया। यहां अध्यापकों के सम्मान में कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता कराई गई। इसमें शिक्षक विजय सिंह यादव को प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी तथा मानिकचंद व नीलम खरवार को क्रमश: द्वितीय तथा तृतीय स्थान मिलने पर लैपटॉप भेंट किया गया। चौथे स्थान पर रहे रजत राम तथा पांचवे स्थान पर रही सोनाली श्रीवास्तव को टैबलेट मोबाइल देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज चेयरमैन एवं चायल क्षेत्र के विधायक संजय कुमार गुप्ता ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज में गुरू का दर्जा सर्वोपरि होता है। उनका स्थान कोई दूसरा नहीं ले सकता है। शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माता होते हें। इस मौके पर केपीएस भरवारी के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार, भीटी प्रधानाचार्य सीमा पवार, मयंक मिश्रा, अनुपमा जायसवाल, आरती चंद्रा, विपुल कुमार समेत सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
बीआरसी रक्सराई में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सेवा निवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समाराहे के मुख्य अतिथि विधायक सदर लालबहादुर और विशिष्ट अतिथि चेयरमैन सरायअकिल शिवदानी रहे। विधायक ने कहा कि शिक्षक बच्चों को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। विधायक ने बीआरसी में एक आरओ वॉटर कूलर लगवाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के आयोजन संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेश मिश्रा। इस मौके पर अवकाश प्राप्त शिक्षक कृष्णचंद्र, समय लाल, शंकुंतला देवी, अभय कुमार, घनश्याम द्विवेदी, हीरालाल यादव, शंकर लाल समेत 14 अध्यापकों को सम्मानित किया गया। बीएसए जगत नारायण, फूलचंद्र, राजकुमार त्रिपाठी, अनिल कुमार मिश्र, रघुनाथ द्विवेदी प्रमोद कुमार सिंह, सचिन शुक्ला, ध्यान सिंह समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे। इसी तरह से कौशाम्बी ब्लॉक के केशव देवी पब्लिक इंटर कॉलेज म्योहर में प्रबंधक एसएस सिंह ने शिक्षकों को पेन-डायरी भेंटकर सम्मानित किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इच्छू का पूरा, प्राइमरी विद्यालय म्योहर, गौहानी, अर्का, अर्का महावीरपुर, बंधुरी आदि स्कूलों में धूमधाम के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया।