मंझनपुर। बरसात ने स्वच्छ ग्राम, स्वच्छ भारत मिशन पर पानी फेर दिया है। गांवों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सफाई कराने का काम धड़ाम हो गया है। इससे केंद्र सरकार की टीम से मिलने वाले ग्रेड को लेकर अफसरों को चिंता सता रही है।
स्वच्छ ग्राम, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों की साफ-सफाई कराई जा रही है। गांव में बने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्कूल, सरकारी अस्पताल, नाली, सड़कों की सफाई और कूड़ा निस्तारण को लेकर केंद्र सरकार की टीम को सर्वे करना है। यह टीम जिले में औचक निरीक्षण करेगी। जिला पंचायतराज अधिकारी कमल किशोर ने न्याय पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की टीम गठित कर सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके बाद भी सफाई व्यवस्था कहीं नजर नहीं आ रहा है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल इच्छू का पूरा में चारों तरफ पानी भरा है। जलनिवासी की व्यवस्था नहीं हैं। मॉडल स्कूल म्योहर में भी चारों तरफ जलभराव है। मूरतगंज विकास खंड के फदिलाबाद गांव के अंदर जाने वाले मुख्य मार्ग पर दलदल है। अर्कामहावीर के भी मुख्य मार्ग पर भी जलभराव है। डीपीआरओ कमल किशोर का कहना है कि सफाई कर्मियों की टीम से गांवों की सफाई कराई जा रही है। जहां जलभराव है वहां पर दिक्कत आ रही है।