मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से मंगलवार शाम पड़ोसी युवक ने रेप का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र की एक 16 वर्षीय लड़की ने बताया कि मंगलवार शाम वह खेतों की ओर गई थी। लौटते वक्त रास्ते में सुनसान स्थान पर पहले से खड़े पड़ोस के एक युवक ने उसको दबोच लिया और दुराचार का प्रयास करने लगा। इस पर पीड़िता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित किशोरी ने घर पहुंचकर आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में नगर कोतवाल अजीत कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।