मंझनपुर (कौशाम्बी)। कुख्यात अनिल भाटी के कौशाम्बी जेल शिफ्ट होने के बाद जिले में पश्चिम उत्तर प्रदेश की लग्जरी गाड़ियों का आना-जाना कुछ ज्यादा ही हो गया है। इसे लेकर पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। आधा दर्जन संदिग्ध वाहनों को चिन्हित किया गया है। पुलिस को शक है कि यह सभी वाहन भाटी गैंग के सदस्यों के हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का टॉप-5 अपराधी अनिल भाटी इन दिनों कौशाम्बी जेल में निरुद्ध है। उसे सात जुलाई की रात मुजफ्फरनगर से लाकर यहां शिफ्ट किया गया है। उसके आने के बाद जनपद में खासकर मुख्यालय से लेकर टेंवां के बीच पश्चिम यूपी की गाड़ियों का आवागमन काफी बढ़ा है। यह वाहन किसके हैं ? बार-बार क्यों आ रहे हैं ? इनपर सवार लोग कौन हैं ? उनकी मंशा क्या है ? इन तमाम सवालों का जवाब जानने के लिए खुफिया एजेंसियां और कोतवाली पुलिस सतर्क हो गई है।
पुलिस ने करीब छह ऐसी गाड़ियों को चिन्हित किया है, जिनमें मेरठ, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़ जिलों के नंबर हैं। यह वाहन कई बार जेल के इर्द-गिर्द भी देखे जा चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि संदिग्ध गाड़ियां भाटी गैंग के सदस्यों की हो सकती हैं। इसलिए पूरी तरह से मुस्तैदी बरती जा रही है। पुलिस बराबर इन वाहनों की निगरानी कर रही है। वहीं एसपी का कहना है कि अनिल भाटी के कौशाम्बी जेल शिफ्ट होने के बाद से पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। संदिग्ध व्यक्तियों के साथ वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। भाटी को कड़ी सुरक्षा के बीच पेशी पर भेजा जाएगा। किसी तरह की कोई नापाक कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी।