ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सैदनपुर गांव के साथ राजकीय नलकूप की भी बत्ती है गुल
मंझनपुर (ब्यूरो)। विद्युत उपकेंद्र करारी के सैदनपुर के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि गांव के फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने में विभाग का ठेकेदार मनमानी कर रहा है। ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों को बिजली तो मिल ही नहीं रही उनकी फसलें भी सिंचाई के अभाव में सूख रही हैं। डीएम ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
सैदनपुर को बिजली की आपूर्ति के लिए गांव में 25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। दोनों ट्रांसफार्मर 40 दिन पहले फुंक गए। गांव के राजकीय नलकूप 65 एमएन का ट्रांसफार्मर भी 35 दिन से जला है तो प्राथमिक विद्यालय में लगा दस केवीए का ट्रांसफार्मर दो माह से फुंका पड़ा है। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत उपकेंद्र के जेई विनम्र पटेल से की। जेई ने ट्रांसफार्मर बदले जाने का प्रस्ताव वर्कशॉप को भेज दिया। ठेकेदार की मनमानी के चलते गांव में फुंके चार ट्रांसफार्मरों में एक भी नहीं बदला जा सका। ठेकेदार की मनमानी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम मनीष कुमार वर्मा से शिकायत की। आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों को उमसभरी गर्मी में जीना पड़ रहा है तो राजकीय नलकूप के भरोसे खेती करने वाले किसानों की फसलें सूख रही हैं। उमस भरी गर्मी में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने ग्रामीणों की समस्या का हल जल्द कराने का भरोसा दिया है। शिकायत करने वालों में ग्राम प्रधान पार्वती देवी सहित मनोज कुमार, लवकुश कुमार, अयोध्या प्रसाद, लालमन, मूलचंद्र, रमेश कुमार, रामचंद्र, गौरीलाल, अमित कुमार सहित सैकड़ा भर लोग शामिल रहे।
इनसेट
माह भर बाद भी नहीं बदला गया जगन्नाथपुर का ट्रांसफार्मर
पइंसा (ब्यूरो)। घटमापुर विद्युत उपकेंद्र के जगन्नाथपुर गांव का ट्रांसफार्मर माह भर से फुंका है। ओवरलोड के चलते फुंके ट्रांसफार्मर की शिकायत ग्रामीणों ने उपकेंद्र के जेई से किया। बावजूद इसके ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इसे लेकर ग्रामीण उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
जगन्नाथपुर गांव के उपभोक्ताओं को बिजली मुहैया कराने के लिए विभाग ने दस केवीए का ट्रांसफार्मर लगा रखा है। कम क्षमता के इस ट्रांसफार्मर से 20 उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिया गया है। इसके अलावा कई लोग कटिया लगाकर बिजली का उपभोग करते हैं। दस अगस्त को यह ट्रांसफार्मर अचानक फुंक गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने उपकेंद्र के जेई संतलाल से किया पर ध्यान नहीं दिया गया। गांव के मुजीबुल्ला, हसमतउल्ला, मो. हुसैन आदि ने गुरुवार को पुन: जेई से संपर्क कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
टीकाकरण अभियान कल से
मंझनपुर (ब्यूरो)। मवेशियों में होने वाले खुरपका, मुंहपका बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान का 21वां चरण 16 सितंबर से शुरू होगा। जानकारी देते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव धीर ने बताया कि टीकाकरण आठ माह से अधिक की गर्भवती व चार माह से कम समय के बच्चों को छोड़कर लगाया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा कुल 26 टीमों का गठन किया गया है।