40 घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने युवक को कुएं से बाहर निकाला
रविवार शाम आंधी से गिर गया था, सैनी कोतवाली क्षेत्र के केन गांव का मामला
अजुहा (संवाद)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के केन गांव स्थित एक कुएं में रविवार शाम आंधी आने के दौरान एक मनोरोगी गिर गया। मंगलवार सुबह करीब करीब 40 घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने उसे बाहर निकाला। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के ताजमल्लाहन गांव निवासी जगतपाल पुत्र गयादीन की मानसिक हालत इन दिनों कम ठीक रहती है। बताया जाता है कि रविवार शाम आंधी आने के दौरान वह केन गांव के बाहर जंगल की ओर घूम रहा था। इसी बीच वहां कुएं में गिर गया। मंगलवार सुबह चरवाहे कुएं की ओर गए तो जगतपाल की आवाज सुन दंग रह गए। कुएं में जगतपाल के होने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने किसी तरह उसको बाहर निकाला। परिवार वालों ने पीड़ित को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बताया कि उसकी हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।