मंझनपुर। 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए सोमवार को कौशाम्बी में 352 अभ्यर्थियों ने अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र बेसिक शिक्षा कार्यालय में जमा किए। बीएसए ने बताया कि मंगलवार को मौनी अमवस्या की छुट्टी के कारण इन अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र बुधवार को दिया जाएगा।
प्राथमिक स्कूलों में प्रशिक्षु शिक्षक बनने के लिए तीन साल के लंबे इंतजार के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की आखिरी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चौथी काउंसलिंग के बाद कटआफ मेरिट में आने वाले चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्र सोमवार को बेसिक शिक्षा कार्यालय में जमा कराए गए। कौशाम्बी में 1000 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती होनी है। बेसिक शिक्षाधिकारी अशोक कुमार सिंह यादव ने बातया कि सोमवार को पहले दिन कुल 352 अभ्यर्थियों ने अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र जमा किए हैं। इसमें सामान्य पुरुष कला वर्ग में 55 और महिला 39, पिछड़ी जाति पुरूष वर्ग में 33 और महिला 19, अनुसूचित जाति पुरुष में 30 और महिला 16, अनुसूचित जनजाति महिला में एक अभ्यर्थी ने शैक्षिक प्रमाणपत्र जमा किया है।
इसी तरह से विज्ञान सामान्य पुरुष वर्ग में 49 और महिला में 40, पिछड़ी जाति पुरुष में 30 और महिला 20, अनुसूचितजाति पुरुष में 26 और महिला 3 ने प्रमाणपत्र जमा किया है। शैक्षिक प्रमाणपत्र जमा करने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों को स्कूलों में नियुक्ति का आदेश बुधवार को दिया जाएगा।