आचार संहिता का उल्लंघन रोकेगा सी-विजिल ऐप
चुनाव आयोग ने जारी किया एप, मौके पर पहुंचेंगे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। इस बार लोकसभा चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करना आसान नहीं होगा। चुनाव आयोग ने सी-विजिल एप लांच किया है। इस पर उल्लंघन से जुड़ी फोटो और वीडियो अपलोड किया जा सकता है। इसकी जानकारी संबंधित जिले के निर्वाचन अधिकारी को होगी। इसके बाद अफसर उस स्थान पर पहुंचेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एप की जानकारी अफसरों को दी। इसको प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप पर ही वीडियो की फोटो बनाने की सुविधा दी गई है। यानी जो वीडियो की फोटो एप पर बनेगी उन्हीं को अपलोड किया जा सकेगा। डीईओ ने बताया कि शिकायतकर्ता की जानकारी गोपनीय रहेगी। इस एप की मदद से आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले को कार्रवाई की जद में लाया जा सकेगा। बताया जाता है कि सी-विजिल एप पर वीडियो या फोटो पांच मिनट में अपलोड करना होगा। निश्चित समय सीमा के बाद वीडियो और फोटो अपलोड नहीं होगा। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो, इसके लिए जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात फ्लाइंग स्क्वायड को भेजा जाएगा।