प्रिंसिपल के बेट को निजी अस्पताल में दी एक्सपायरी दवा, गंभीर
-पीड़ित पिता ने सीएमओ से की शिकायत, कार्रवाई की किया मांग
मंझनपुर (ब्यूरो)। पूरामुफ्ती इलाके में संचालित एक निजी अस्पताल में प्रिंसिपल के बीमार बेटे को एक्सपायरी दवा दे दी गई। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। पीड़ित को दूसरे चिकित्सालय में भर्ती कराने के साथ ही प्रिंसिपल ने सीएमओ से शिकायत की है।
एनडी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज भरवारी में बतौर प्रिंसिपल तैनात मयंक मिश्रा ने बताया कि 27 फरवरी को उनके बेटे अविरल मिश्रा की तबीयत खराब हो गई। उसे पूरामफ्ती कोतवाली इलाके में संचालित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने बीमार बेटे को एक्सपायरी दवा खिला दी। इससे उसकी हालत और बिगड़ गई। अविरल को वहां से दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को पीड़ित पिता ने सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी का कहना है कि आरोपों की जांच कराकर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
डाक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप, दी तहरीर
चायल। पिपरी के दरियापुर गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र पूनी लाल मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता है। बुधवार को उसकी पत्नी नेहा देवी के पेट में अचानक दर्द होने लगा। इस पर वह पत्नी को तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। मरीज की जांच कर डॉक्टर ने गर्भपात कराने की सलाह दी। अनिल के हामी भरने पर डाक्टर ने गर्भपात कर दिया। थोड़ी देर के बाद फिर उसे पेट में दर्द शुरू हो गया। हालत बिगड़ती देख अनिल पास के दूसरे निजी अस्पताल में ले गया। आरोप है कि अल्टासाउंड करने पर महिला के पेट में भ्रूण के अवशेष मिले हैं। आरोप है कि इलाज में लापरवाही की शिकायत करने पर डॉक्टर ने उसके साथ हाथापाई भी की। शुक्रवार को पति ने कोतवाली में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस आरोपों जांच कर रही है।
00