मंझनपुर (ब्यूरो)। सिराथू चौकी प्रभारी के खिलाफ दोआबा बस एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया। सोमवार को बस संचालकों ने एसपी का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। इनका कहना था कि इलाहाबाद से धाता के बीच परमिट जारी होने के बावजूद चौकी प्रभारी वाहनों को रूट पर जाने नहीं दे रहे।
संगठन के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद का कहना है कि पिछले दिनों एआरटीओ के साथ बस संचालकों की बैठक हुई थी। बैठक में बसों का परमिट इलाहाबाद से सिराथू का बढ़ाते हुए धाता तक कर दिया गया था। इसके बाद भी चौकी प्रभारी सिराथू बसों को सिराथू से धाता तक नहीं जाने दे रहे हैं। वह ट्रैफिक की दिक्कत बताते हुए बस गांवों के रास्ते से ले जाने की बात कहते हैं। बसों का संचालन नहीं होने से मोटर मालिकों को बेवजह का टैक्स देना पड़ रहा है। इतना ही नहीं आए दिन चालक और परिचालकों के साथ चौकी प्रभारी बदसलूकी करते हैं। संचालकों का यह भी आरोप है कि पुलिस की शह पर सिराथू से धाता के बीच टेपों का संचालन कराया जा रहा है। आरोप है कि इससे धन उगाही होती है। इसी वजह से बसों को जाने से रोका जा रहा है। एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता ने आरोपों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर मोहम्द ताजिम, संतोष कुमार पांडेय, संजय शुक्ला, दिनेश चंद्र, मोहम्मद हाशिम सहित तमाम बस संचालक मौजूद रहे।