मंझनपुर। कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग करने पर अब शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। एडीजी कानून व्यवस्था ने जरूरी निर्देश दिए है।
शासन-प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी हर्ष फायरिंग थम नहीं रही हैं। शादी-विवाह के अक्सर शस्त्रधारक बेखौफ गोलियां दागते हैं। इसकी चपेट में आने से कभी-कभी लोगों की जान तक चली जाती है। यही वजह है कि हर्ष फायरिंग रोकने के लिए पुलिस महकमे ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि हर्ष फायरिंग करने वालों का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर असलहा जब्त कर लिया जाए।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने थानेदारों को कार्यक्रमों पर पैनी नजर रखने का आदेश दे दिया है। एसपी ने बताया कि जिस भी क्षेत्र से शिकायत मिली तो वहां के एसओ को लाइन का रास्ता दिखाया जाएगा। हर्ष फायरिंग होने पर कार्यक्रम के आयोजक की भी खैर नहीं होगी। एसपी ने बताया कि आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट तत्काल भेजनी पड़ेगी। थानेदार 24 घंटे के भीतर असलहा जब्त कर एसपी को रिपोर्ट देंगे। इसके बाद यह रिपोर्ट डीएम को भेज दी जाएगी। असलहा निरस्त करने का अधिकार जिलाधिकारी के पास ही है।