30 beds extended in isolation ward of district hospital
- फोटो : KAUSHAMBI
जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में बढ़ाए गए 30 बिस्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोरोना से जंग लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में बिस्तरों की संख्या 20 से बढ़ाकर 50 का उी गई है। प्रत्येक बेड के लिए दवा, कोरोना किट, आक्सीजन सप्लाई सपोर्ट सिस्टम समेत अन्य जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं।
फिलहाल जिले में अभी तक एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है, लेकिन संक्रमण बढ़ने का खतरा बरकरार है। ऐसे में हालात कभी भी बेकाबू हो सकते हैं। इसेे लेकर सीएमएस ने संयुक्त जिला चिकित्सालय में बने कोरोना वार्ड में तीस और बिस्तर बढ़ा दिए हैं। इसके साथ ही सभी जरूरी उपकरण और दवाओं का भी इंतजाम कर दिया गया है। सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में दस दिन तक पचास संक्रमित मरीजों का इलाज करने की व्यवस्था कर ली गई है। संक्रमण अधिक दिन भी रह सकता है। इसके लिए शासन को कम से कम एक माह के लिए सामान का स्टाक मुहैया कराने की लिस्ट भेज दी गई है।
वहीं संयुक्त जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के साथ तीमारदार भी चेकअप करा रहे हैं। मरीज को अस्पताल में छोड़ने के बाद वह थर्मल स्क्रीनिंग कर रहे चिकित्सक के पास पहुंचकर चेकअप करा रहे हैं। चेकअप के दौरान भीड़ बढ़ने पर चिकित्सक द्वारा लाइन लगवा दी गई। ऐसे में जिनको न खासी थी न जुकाम वे भी चेकअप कराने के लिए खड़े हो गए।