3 person died by hanging in different places
- फोटो : KAUSHAMBI
दोआबा के अलग-अलग इलाकों में तीन व्यक्तियों की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। एक ने पिता तो दो ने बीवी से झगड़े के बाद आत्मघाती कदम उठाया। घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के दाई का पूरा (बेरौचा) निवासी रामबाबू द्विवेदी (45) पुत्र शिवमूरत किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। बताया जाता है कि बुधवार रात किसी बात को लेकर बीवी से उसका झगड़ा हुआ था। उस वक्त मौके पर रहे परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसी के बाद सुबह रामबाबू ने अपने कमरे में रस्सी के सहारे चुल्ले से लटककर फांसी लगा ली। परिवारीजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो रामबाबू को फंदे पर लटकता देख उनकी चीख निकल पड़ी। शोर-शराबा सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिवार वालों ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर किसी तरह रामबाबू के शव को बाहर निकाला। फिर अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में कौशाम्बी कोतवाल इंद्रदेव का कहना है कि फिलहाल ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।
कोई तहरीर भी नहीं मिली है। ऐसे ही महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के सरसवां गांव का सुभाष (24) पुत्र सुकरू मजदूरी करता था। बुधवार रात रुपये नहीं देने पर पिता से उसका झगड़ा हुआ था। इसी के बाद सुभाष ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव भी दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। वहीं दूसरी ओर फतेहपुर जिले के खागा थाना स्थित छीमी गांव निवासी सियाराम (24) पुत्र बुधई की ससुराल सैनी इलाके के बगहा (कनवार) में है। 29 जून को सियाराम की चचेरी साली की शादी थी। वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए वह बीवी सहित ससुराल आया था। ससुरालियों की मानें तो बुधवार रात घर चलने की बात को लेकर पत्नी से उसकी कहासुनी हुई थी। इसी के बाद गांव के बाहर स्थित बबूल के पेड़ पर सियाराम ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह फंदे पर शव लटकता देख ससुराली मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
3 person died by hanging in different places- फोटो : KAUSHAMBI