मंझनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सिराथू और कड़ा ब्लाक क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होगा। यहां जिला पंचायत की नौ और क्षेत्र पंचायत की 239 सीटों पर मतदान के लिए 605 बूथ बनाए गए हैं। शुक्रवार शाम सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। इन दोनों ब्लाकों में जिला पंचायत सदस्य पद की 9 सीटों पर 228 और बीडीसी की 239 सीटों के लिए 1333 उम्मीदवार मैदान में हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को सिराथू और कड़ा ब्लाक क्षेत्रों में होने वाले मतदान की तैयारियां अफसरों ने पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सिराथू ब्लाक में जिला पंचायत की पांच सीटों पर 144 और क्षेत्र पंचायत की 137 सीटों पर 662 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला एक लाख 95 हजार 516 मतदाता करेंगे। यहां मतदान के लिए 95 मतदान केन्द्रों पर 351 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसी तरह कड़ा ब्लाक में जिला पंचायत की चार सीटों पर 84 और बीडीसी सदस्य पद की 102 सीटों पर 671 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
इस ब्लाक क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या एक लाख 58 हजार 138 है। मतदान के लिए पूरे ब्लाक में 113 मतदान केन्द्रों पर 254 बूथ बनाए गए हैं। दोनों ब्लाकों में सकुशल मतदान कराने के लिए 605 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। दोनों ब्लाकों से इन पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार को बूथों पर भेज दिया गया। इन पार्टियों में 2400 कर्मचारी शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए सभी पुलिस और प्रशासनिक और पुलिस कर्मियों को ईमानदारी से मतदान कराने का निर्देश दिया है। चेताया है कि गड़बड़ी कराने की शिकायत मिली तो सीधे एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।
तीसरे चरण के चुनाव के लिए प्रशासन ने 90 बूथों को संवेदन और अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा है। इसमें कड़ा ब्लाक में 12 संवेदनशील और 28 अतिसंवेदनशील बूथ हैं। वहीं सिराथू ब्लाक में 36 बूथों को अतिसंवेदनशील और 14 मतदान केंद्रों को संवेदनशील माना गया है। एएसपी ओपी पांडेय ने बताया कि संवेदन और अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस के अलावा पीएसी के जवानों की भी तैनाती की गई है। वहीं इन बूथों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत शनिवार को सिराथू और कड़ा ब्लाक में होने वाले मतदान के दिन आम यातायात चालू रहेगा। चुनाव के लिए जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए एसडीएम लालजी मिश्र ने बताया कि वोटर भी वोट डालने के लिए अपने निजी साधन से बूथ तक जा सकेंगे। हालांकि प्रत्याशियों द्वारा वोट डलवाने के लिए मतदाताओं को वाहन मुहैया कराने पर रोक है। साथ ही बूथ के दो सौ मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान धार्मिकनगरी शीतलाधाम में नवरात्र के दर्शनार्थियों के वाहनों के आवागमन पर कोई रोक नहीं रहेगी। दर्शनार्थी अपने निजी वाहनों से देवी दर्शन के लिए शीतलाधाम जा सकेंगे। बता दें कि नवरात्र पर्व पर सिद्धपीठ मां शीतला धाम (कड़ा) में देवी दर्शन को रोजाना हजारों दर्शनार्थी आते हैं। इधर, नवरात्र पर्व पर ही इस बार पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।
शीतलाधाम में भी मतदान केंद्र बना है। जहां शनिवार को वोट डाले जाएंगे। ऐसे में मंदिर के पुजारी और शीतलाधाम का पंडा समाज इस बात को लेकर परेशान है कि यदि पुलिसवालों ने चुनाव के मद्देनजर दर्शनार्थियों के वाहनों को धाम में जाने से रोक दिया, तो दिक्कत होगी। मामले में जोनल मजिस्ट्रेट लालजी मिश्र ने बताया कि मतदान के दिन भी शीतलाधाम में दर्शनार्थियों के वाहनों के आवागमन पर किसी तरह की कोई रोक नहीं होगी। मतदान केंद्र के सौ मीटर दायरे में वाहनाेें का प्रवेश वर्जित किया गया है। सीओ सिराथू का कहना है कि प्रशासन ने मतदान के लिए अपनी पूरी तैयारी कर ली है। किसी भी दर्शनार्थी को इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।
विकास खंड सिराथू और कड़ा ब्लाक में शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय बदइंतजामी का बोलबाला रहा। सिराथू में तो बैलेट बाक्स वितरण को लेकर सबसे अधिक अव्यवस्था देखने को मिली। इससे नाराज एक कर्मचारी ने माइक छीनकर अधिकारियों को खरी खोटी भी सुनाई। इसके अलावा पीठासीन अधिकारियाें को बैलेट बाक्स लेने में भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।