बारिश से कोर्रों गांव में गिरे 26 घर
आठ परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट, खुले में पॉलिथीन डालकर कर रहे गुजारा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सिराथू तहसील के कोर्रों गांव के गरीब परिवारों के लिए बारिश आफत बन गई है। लगातार चार दिन से हो रही बारिश में एक-एक कर गांव के करीब 26 घर जमींदोज हो गए। इनमें से आठ परिवार ऐसे हैं जो बेघर हो गए हैं। मलबे में दबकर गृहस्थी भी नष्ट हो गई है। इनके सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे पॉलिथीन डालकर गुजारा करने को मजबूर है।
ग्राम प्रधान कुलदीप मिश्र ने जानकारी एसडीएम सिराथू ज्योति मौर्या को दी। एसडीएम ने सभी बेघरों की सूची मंगवाई है। साथ ही बेघरों को दैवीय आपदा राहत कोष से मदद व मुख्यमंत्री आवास के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। गांव के जिन लोगों के घर गिरे हैं उनमें लवलेश कुमार, रामखेलावन, अन्नू, रोशन रैदास, नत्थूलाल, रमाशंकर, दिनेश कुमार, आनंद कुमार, कंधई लाल, कलपतिया, रामराज, अर्जुन, दशरथ, मोतीलाल, राजेश कुमार, सोहन लाल, चंद्रशेखर, रामफल, सत्यनारायण, मनोज कुमार, बच्चलाल, बुधनी देवी पत्नी सुग्गनलाल, संजी देवी पत्नी प्रभुलाल, रामबालक, काशीप्रसाद तथा रामनारायण आदि हैं। ग्राम प्रधान का कहना है कि बेघरों को फिलहाल निजी स्तर पर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इसके अलावा सभी की सूची बनाकर तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी।
वहीं सिराथू तहसील के बाम्हरौली गांव में सुरसती, अमलापति, शिवराम निर्मल, पुष्पा देवी, रामू सरोज, राजपति, सुलाभ, हीरालाल, पूजीलाल, तेरसा, अमर सिंह, रामसिंह, राम बहोरे, संतलाल, पितंबर लाल, बसंत लाल, शिवलाल, रामचंद्र, ओम प्रकाश, भैया लाल, जवाहर लाल आदि के कच्चे घर भरभरा गिर गए। मजदूरी कर गुजारा करने वाले इन गरीबों के सामने अब सिर छिपाने का संकट है। इसी तरह निधियावां गांव में बारिश के कारण ललई पुत्र बंशीलाल, सतीश पुत्र अमित लाल, ममतादेवी पत्नी स्व. आशोक कुमार व बसावनपुर गांव के सुभाष पुत्र सरजू पाल, झडांपुर गांव के असद उल्ला पुत्र अलाउद्दीन के भी घर जमींदोज है।