कल्यानपुर। सैनी कोतवाली पुलिस ने गुलामीपुर बाजार के समीप शुक्रवार रात हाईवे पर मवेशियों से भरा कंटेनर पकड़ा। कंटेनर में वाराणसी से 25 मवेशी भरकर वध के लिए उन्नाव ले जाया जा रहा था। चालक को गिरफ्तार कर पुलिस तस्करों को तलाश रही है।
कंटेनर शुक्रवार रात गुलामीपुर बाजार के समीप हाईवे पर खराब हो गया था। मुरादाबाद के मंडेर कोतवाली के अल्लापुर डेरा निवासी चालक वसीम सड़क किनारे खड़ाकर कंटेनर ठीक कर रहा था।
तभी कंटेनर के भीतर से मवेशियों की आवाज सुनकर किसी ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना पर सैनी इंस्पेक्टर जयचंद्र शर्मा मौके पहुंचे। उन्होंने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कंटेनर के अंदर भरे गए 25 भैंसों को बरामद कर लिया।
मवेशियों को क्षेत्रीय किसानों के सुपुर्द कर दिया गया। लिखापढ़ी कर चालक का चालान कर दिया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तस्करों की भी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।