पिपरी कोतवाली पुलिस ने ट्राॅली खरीदने के नाम पर उधार लिए गए 2.35 लाख रुपये हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अदालत के आदेश पर एससीएसटी व गबन समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चरवा कोतवाली के पहाड़पुर सुधवर गांव निवासी मदन मोहन दिवाकर ने बताया कि पिपरी के लालापुर निवासी कलेंद्र सिंह से उसके संबंद्ध अच्छे थे। जनवरी 2019 में कलेंद्र ने साझे में ट्रैक्टर ट्राॅली खरीदने के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में दो लाख 35 हजार रुपये उधार ले लिए। कमाई में बराबर का हिस्सा देने का वादा करने के बाद आरोपी अपनी बात से मुकर गया।
रुपये मांगने पर अगस्त 2019 में उसने बीओबी का चेक थमा दिया। बैंक शाखा जाने पर पता चला कि खाते में रुपये ही नहीं हैं। इसके बाद सितंबर 2021 में दोनों के बीच इस बात पर समझौता हुआ था कि पांच मार्च 2022 तक पूरी रकम लौटा दी जाएगी। आरोप है कि पांच दिसंबर 2024 को पीड़ित जब गवाहों को लेकर रुपया मांगने घर गया तो उसने गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी।
शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।