गौतम जी का डेरा गांव के लोग ढिबरी जलाने को मजबूर
विद्युत उपकेंद्र के एक लिपिक और जेई की भूमिका पर उठे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गौतम जी का डेरा गांव के लोग विद्युतीकरण के बाद भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। पं. दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना से गांव में विद्युतीकरण कराया गया। आरोप है कि ट्रांसफार्मर को उपकेंद्र के कर्मियों ने नलकूप संचालक को बेच दिया। मामले की जानकारी होने पर विद्युतीकरण कराने वाली संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने अधीक्षण अभियंता से शिकायत की है।
बताया जाता है कि गौतम जी का डेरा गांव में बिजली नहीं थी। ग्रामीण आजादी के बाद से ही यहां अंधेरे में रहते चले आ रहे हैं। पिछले दिनों पं. दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना से विद्युतीकरण कराया गया और 25 केवीए ट्रांसफार्मर विश्वनाथ कंपनी ने रखवा दिया। यह ट्रांसफार्मर अब चोरी हो चुका। मामले की जानकारी होने पर विश्वनाथ कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विक्रम के होश उड़ गए। गांव की अभी तक एमबी तक नहीं हो सकी थी। इससे पहले ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। विक्रम ने गांव जाकर पता किया तो मालूम चला कि उपकेंद्र में काम करने वाले एक लाइनमैन के बेटे ने ट्रांसफार्मर उतारा है। यह ट्रांसफार्मर एक निजी नलकूप संचालक को बेच दिया गया है। विक्रम ने शिकायत अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार श्रीवास्तव से की है। इस बाबत पश्चिम शरीरा उपकेंद्र के अवर अभियंता चंद्रिका मौर्या का कहना है कि एक साल पहले बोलेरो की टक्कर में विश्वनाथ कंपनी का डबल पोल टूट गया था। इसी पोल पर ट्रांसफार्मर रखा था। संस्था ने अपना ट्रांसफार्मर कहा रखा है। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। संस्था ने अभी लाइन हैंडओवर नहीं किया था। इसलिए बिजली विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं है। संस्था चाहे तो रिपोर्ट दर्ज करा सकती है।
-------
शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करेगी पुलिस
मंझनपुर। सरहद की रखवाली कर रहे सेना के जवानों के परिजनों की रखवाली पुलिस करेगी। जवानों के घरवालों की शिकायत पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। पिछले दिनों कोखराज के शोभना गांव में हुई मारपीट के एक मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की थी।
पुलवामा हमले के बाद डीजीपी ओपी सिंह ने जवानों के घरवालों को सुरक्षा देने का निर्देश दिया था। जवान के घरवाले अगर कोई शिकायत करते हैं तो उस पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। डीजी के फरमान पर जिला पुलिस ने इस पर अमल भी शुरू कर दिया है। पिछले हफ्ते शोभना गांव में मारपीट के एक मामले में सेना के एक कर्नल का फोन कोखराज पुलिस के पास आया था। इस फोन काल की हकीकत इंस्पेक्टर आरके शर्मा ने पता कराई तो मालूम चला कि मारपीट करने वाले के रिश्तेदार सेना में थे। वह फिलहाल रिटायर हो चुके हैं। इंस्पेक्टर ने कार्रवाई करने के बाद एसपी प्रदीप गुप्ता को रिपोर्ट दी।