चायल। पिपरी के लोधौर गांव में मंगलवार की शाम बंटवारे को लेकर सगी बहनों के बीच मारपीट हो गई। इसमें बड़ी बहन घायल हो गई। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी।
बताया जाता है कि लोधौर गांव की कमला देवी के पति सर्वजीत की मौत हो गई है। भाई न होने के कारण वह वृद्ध मां की सेवा के लिए मायके में रहती है। आरोप है कि उसकी दो विवाहित बहनों की नजर करीब 10 बिस्वा पैतृक जमीन पर लगी है। जमीन को बांटने के लिए दोनों आए दिन उससे वाद-विवाद करती हैं। आरोप है कि मंगलवार शाम भी दोनों बहनें बंटवारे को लेकर उससे वाद विवाद करने लगीं। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने डंडों से उसकी पिटाई कर दी। पिटाई से वह जख्मी हो गई। बुधवार को थाने में पीड़ित ने दोनों बहनों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।