पड़ोसियों ने सगे भाईयों को पीट किया लहूलुहान
पुआल चोरी का विरोध करने पर हुई मारपीट, मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
चायल(कौशाम्बी)।
पिपरी थाना क्षेत्र के तिलगोड़ी गांव में रविवार की रात पड़ोसियो ने सगे भाईयों को बेरहमी से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। रात घर के सामने लगे ढेर से पुआल चोरी करने का विरोध करने पर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के तिलगोड़ी गांव निवासी लवकुश पुत्र काशी ने घर के बाहर पुआल का ढेर लगा रखा है। बताया कि रविवार की रात पड़ोसी ढेर से पुआल चोरी कर रहे थे। भनक लगते ही वह मौके पर पहुंचा और चोरी का विरोध करने लगा। इस पर आरोपी पड़ोसियो ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। भाई की चीख सुन सुदामा बीच बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। सगे भाईयों को पिटता देख गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने पीड़ित लवकुश की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा सहमा हुआ है।