पैरावेटों ने खींचा हाथ, पशु टीकाकरण प्रभावित
- पिछले दो अभियानों का पारिश्रमिक नहीं मिलने से बढ़ी नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पैरावेटों (पशुधन सहायक) के हाथ खींच लेने से जिले में टीकाकरण अभियान प्रभावित हो रहा है। इससे विभागीय अफसरों की चिंता बढ़ गई है। जिले भर के आठ विकास खंडों के लगभग तीन लाख पैंसठ हजार पशुओं का टीकाकरण कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 15 मार्च से तीस अप्रैल तक आठ माह तक के सभी पशुओं का टीकाकरण किया जाना है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि इसके लिए तीन सौ पैरावेट लगाए गए हैं। ये पैरावेट काम नहीं कर रहे हैं। पैरावेटों का कहना है कि पिछले दो सालों में विभाग ने उनसे कई बार टीकाकरण कराया। लेकिन इसके बदले उनको पारिश्रमिक नहीं दिया गया। पैरावेटों का कहना है कि बकाये पारिश्रमिक का भुगतान होने के बाद ही वह काम करेंगे। सोमवार को अभियान के तीसरे दिन जिले में मात्र 13196 पशुओं का ही टीकाकरण कराया जा सका है। सीवी डॉ बीपी पाठक का कहना है कि पैरावेट्स के काम नहीं करने से दिक्कत तो आ रही है,लेकिन समयसीमा के भीतर लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा।
-------------
महिला पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप
मंझनपुर। भरवारी रेलवे स्टेशन पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी फूलचंद्र पुत्र जगरूप प्रसाद ने पड़ोसी गांव की एक महिला पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उसने शिकायत एसपी से की है। पुलिस अधीक्षक ने कोखराज पुलिस को आरोप की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।