कड़ा (कौशाम्बी)। मामा-भांजी के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक घटना में किशोरी ने अपने ही परिवार के आठ लोगों को खाने में जहर देकर मारने का प्रयास किया। बुधवार सुबह बेसुध पड़े परिजनों को देख मोहल्ले वालों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां से एक की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने फरार किशोरी की बड़ी बहन के तहरीर पर प्रेमी युगल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सैनी कोतवाली के सोनारन का पुरवा कोरियों गांव निवासी ओम प्रकाश (55) की ससुराल फतेहपुर जिले के थरियांव थानाक्षेत्र के भारतपुर गांव निवासी रामसिंह के यहां हैं। पिछले एक महीने से रामसिंह अपनी पत्नी व बेटे धीरेंद्र के साथ दामाद ओमप्रकाश के घर पर रह रहा था। मंगलवार की रात रामसिंह खाना खाने के बाद घर के बाहर सो रहा था। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे वह नींद से जगा लेकिन चल और बोल नहीं पा रहा था। उसकी हालत देख पड़ोसियों को शंका हुई। उन्होंने मामले की जानकारी यूपी-100 और सैनी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर जाकर देखा तो सभी लोग बेहोश पड़े थे। पुलिस ने इलाज के लिए रामसिंह, राधा देवी, चंद्रावती, ओम प्रकाश, विकास सिंह, अंकिता, प्रमिला सभी पुत्रगण ओम प्रकाश जिला अस्पताल भेजा। यहां से रामचंद्र की हालत नाजुक देख इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से ओम प्रकाश की 15 वर्षीय बेटी और साला धीरेंद्र घर से फरार हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती ओमप्रकाश की बड़ी बेटी प्रमिला ने बताया कि उसकी छोटी बहन का मामा धीरेंद्र के बीच काफी दिन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामा-भांजी के बेमेल रिश्ते का घर वाले विरोध करते थे। इश्क में रोड़ा बनने पर मंगलवार की रात दोनों ने मिलकर खाने में जहर मिला दिया और भाग गए। यह भी बताया उसकी बहन और मामा ने साथ में खाना नहीं खाया था। बाकी लोग खाना खाने के बाद बेहोश हो गए। कोतवाल सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है घटना बेमेल इश्क को लेकर हुई है। प्रमिला की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की तफ़्तीश की जा रही है।