मंझनपुर । चरवा का शुक्रवार को सीडीओ और डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम सभा को आवंटित करीब आठ सौ शौचालयों में दो तिहाई का निर्माण अधर में लटका मिला। इस पर डीपीआरओ ने खंड प्रेरक को स्थानांतरित करते हुए डीपीसी को चेतावनी दी। सेक्रेटरी को डीपीआरओ ने 30 जून तक शत-प्रतिशत निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया।
विकास खंड चायल के चरवा गांव को 31 जुलाई तक ओडीएफ होना है। इसे देखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम सभा के लिए 12 हजार की दर से आठ सौ शौचालयों की रकम खाते में भेजी। खाते में पैसा पहुंचने के बाद भी शौचालयों का निर्माण कार्य शिथिल है। शौचालयों के निर्माण की हकीकत खंगालने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह व डीपीआरओ कमल किशोर शुक्रवार सुबह गांव पहुंचे। इन्होंने पाया कि अब तक सिर्फ 267 शौचालयों का निर्माण शुरू हो सका है। शौचालय निर्माण में शिथिलता देख डीपीआरओ दंग रह गए। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी राधेश्याम को फटकार लगाई। चेतावनी दी कि 30 जून तक शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण पूरा नहीं हुआ तो सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीपीआरओ ने गांव के खंड प्रेरक लक्ष्मी शंकर को सरसवां स्थानांतरित कर दिया। डीपीसी सुजीत शुक्ल को चेतावनी दी है।